सपाइयों ने कांशीराम की 92वीं जयंती को बहुजन दिवस (पीडीए )दिवस के रुप में मनाया |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर जिला मुख्यालय में बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशी राम की 92वीं जयंती को ‘बहुजन दिवस’ (पीडीए दिवस) के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि कांशीराम ने शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों में राजनीतिक चेतना जगाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की अवधारणा के जरिए इसी विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संविधान और आरक्षण को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिसे रोकने के लिए बहुजन समाज को एकजुट होना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में खुशहाली और सामाजिक न्याय तभी संभव है, जब अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष इदरीश खान, जिलामहासचिव सुरेंद्र राजपूत, मुस्करा ब्लॉक अध्यक्ष मानवेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल, पूर्व प्रत्याशी रामप्रकाश प्रजापति, पूर्व मंत्री कबादशाह सिंह, मुन्नीलाल निषाद, माया वाल्मीकि, साकिर खान, संजय यादव, नीलेश श्रीवास सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।