संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिक प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन प्रक्रिया आरम्भ
- 30 अप्रैल तक अभ्यर्थी करें ऑनलाईन आवेदन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए की कुलसचिव रेनू सिंह ने बताया कि प्रदेश के कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालयों में प्रवेश हेतु आयोजित की जाने वाली यूपी कैटेट-2026 प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 मार्च से प्रारम्भ होकर 30 अप्रैल 2026 तक जारी रहेंगे। कुलसचिव रेनू सिंह ने कहा कि इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर,आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम मेरठ, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय बांदा, महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुशीनगर में संचालित स्नातक, परास्नातक और पीएचडी पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। इससे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को एक ही मंच के माध्यम से उच्च कृषि शिक्षा में प्रवेश पाने का अवसर प्राप्त होता है।कुलसचिव रेनू सिंह के अनुसार, इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 और 11 जून, 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए बांदा, कानपुर, मेरठ, अयोध्या, वारणसी, झांसी, लखनऊ, बरेली और गोरखपुर समेत कई अन्य प्रमुख नगरों में परीक्षा केन्द्र बनाए जाएंगे, जिससे कि दूर-दराज के परीक्षार्थियों को सुविधा प्राप्त हो सके।परीक्षा से सम्बन्धित पाठ्यक्रम, सीटों की संख्या, आरक्षण व्यवस्था, शुल्क और परीक्षा के पैटर्न आदि की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की अधिकारिक वेबसाइट www.upcatetexam.org या www.buat.edu.in पर उपलब्ध कराई जा चुकी है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र के अन्तर्गत करियर की सम्भावनाएं बहुत तेजी के साथ बढ़ रही हैं।आधुनिक तकनीकों, शोध एवं नवाचार आदि के चलते अब कृषि शिक्षा की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है, इस स्थिति को देखते हुए इस वर्ष बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने की सम्भावना है। डॉ खान ने अभ्यर्थियों को सलाह देते हुए कहा कि वह अपने आवेदन की प्रक्रिया को समय के रहते ही पूर्ण कर लें और वेबसाइट पर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन सावधानीपूर्वक करना सुनिश्चित् करें। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाईन ही होगी और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए आवेदन प्रक्रिया के समस्त चरण डिजिटल रूप से ही सम्पन्न किए जाएंगे।ऐसे में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पत्र भरते समय विशेष सावधानियाँ बरतने की आवश्यकता है।