गोवंश की हड्डियां-मांस कूड़े के ढेर में पड़ा मिला, हंगामा
- गो सेवक महासभा के कार्यकर्ता बोले- आरोपी गिरफ्तार हो
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर गोवंश के मांस और हड्डियां मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।इस दौरान गो सेवक महासभा के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जिन्हें कार्रवाई के आश्वासन पर शांत कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। घटना आईआईटी नानकारी क्षेत्र की है, जहां दोपहर के समय कूड़े के ढेर में गोवंश के मांस के टुकड़े पड़े मिले। सूचना मिलते ही गो सेवक महासभा के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह, अध्यक्ष सचिन दुबे, प्रमुख उपाध्यक्ष शानू सैनी और प्रशांत सिंह राठौर समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताने लगे। कार्यकर्ताओं ने मौके पर हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि जब तक दोषियों को पकड़ा नहीं जाएगा, वे मौके से नहीं हटेंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि देर रात अराजक लोगों ने गोवंश के मांस और हड्डियां यहां फेंका है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।112 के जरिए सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने मौके से गौवंश को हटवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
-आशुतोष कुमार, एसीपी कल्याणपुर