मार्च-2026 की प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) के मासिक मूल्यांकन में कानपुर जोन प्रथम |
-125 थानों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान किया प्राप्त |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण, त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस उद्देश्य की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण हेतु शासन द्वारा जनसुनवाई समाधान प्रणाली पोर्टल संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का पुलिस विभाग द्वारा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा प्रत्येक माह मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा विभिन्न मानकों, जांच की गुणवत्ता, निस्तारण की प्रभावशीलता तथा आवेदक की संतुष्टि के आधार पर की जाती है। उक्त मूल्यांकन के आधार पर थाना प्रभारी से लेकर अपर पुलिस महानिदेशक स्तर तक अधिकारियों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग निर्धारित की जाती है।माह मार्च-2026 की प्रदेश स्तरीय समीक्षा में कानपुर जोन ने जनसुनवाई समाधान प्रणाली के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कानपुर जोन के पर्यवेक्षणाधीन कानपुर परिक्षेत्र एवं झाँसी परिक्षेत्र तथा जनपद कानपुर देहात, इटावा, फतेहगढ़, कन्नौज, झाँसी, जालौन व ललितपुर सहित जोन के कुल 125 थानों ने भी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनसुनवाई के प्रति शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।जनसुनवाई में जिन अधिकारियों/ थाना प्रभारियों द्वारा अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन प्राप्त नहीं किया गया है, उन्हें कार्यप्रणाली में त्वरित गुणात्मक सुधार लाते हुए आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।