वृहद रोजगार मेला,आज 1210 पदों पर भर्ती का अवसर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सहायक निदेशक (सेवायोजन), कानपुर मंडल, उज्जवल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर नगर एवं उत्तम प्राइवेट आईटीआई, सनिगवां रोड, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 17 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10:00 बजे से उत्तम प्राइवेट आईटीआई परिसर, सनिगवां रोड, कानपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर, कानपुर नगर, प्रमिला पाण्डेय उपस्थित रहेंगी।उन्होंने बताया कि इस वृहद रोजगार मेले में कानपुर नगर सहित अन्य शहरों की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से फुरूकावा मिंडा इलेक्ट्रिक, एएस वर्ड ग्रुप, श्रीराम फाइनेंस ग्रुप, टीमलीज सर्विस लिमिटेड टीमप्लस एचआर सर्विस प्रा. लि., सिग्मा स्टाफिंग सॉल्यूशंस, (वर्धमान टेक्सटाइल्स), पंकज इंटरप्राइजेज, एप्टिव इंडिया प्रा. लि., बीकेटी टायर्स लिमिटेड आदि कंपनियां शामिल हैं।इन कंपनियों द्वारा लगभग 1210 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें रिकूटमेंट ऑफिसर, इनबाउंड वॉइस प्रोसेस (कस्टमर सर्विस सपोर्ट), ट्रेनी/अप्रेंटिस हेल्पर, अप्रेंटिसशिप अवसर, एटीएम ऑफिसर, फील्ड एग्जीक्यूटिव, इंश्योरेंस एडवाइजर तथा वेयरहाउस एसोसिएट (पिकर, पैकर, बिलिंग, स्कैनिंग) जैसे पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 रुपये से 26,800 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कानपुर नगर, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिमाचल प्रदेश (सोलन), कन्नौज आदि स्थानों पर की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि इस रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों का सेवायोजन विभाग के पोर्टल “रोजगार संगम पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी उक्त पोर्टल पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवेदन करते हुए रोजगार मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
|