विभागीय अधिकारी अपने अपने कार्यालयो में नियमित रूप जनसुनवाई करें आयोजित - जिलाधिकारी |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान लगभग 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम), खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल (जूम) माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम, बीडीओ एवं विभागीय अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित करें तथा जन समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा समयबद्ध रूप से उसकी आख्या प्रस्तुत की जाए।