यूपीयूएमएस सैफई इटावा के डॉ. हरीश कुमार को पेल्वी-एसीटैबुलर सर्जरी में अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप प्राप्त।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के अस्थि रोग वि0 के डॉ हरीश ने भूमिबोल अदुल्यादेज हॉस्पिटल, बैंकाक (थाईलैंड) में विश्व-स्तरीय प्रशिक्षण 22 मार्च से 10 अप्रैल 2026 तक पेल्वी-एसीटैबुलर सर्जरी में सफलतापूर्वक फेलोशिप पूर्ण की।
यह फेलोशिप उन्होंने प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ राहत जरायाभांद, हेड, पेल्वी-एसीटैबुलर सर्जरी यूनिट, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के मार्गदर्शन में संपन्न की। इस दौरान डॉ. हरीश कुमार को पेल्विस एवं एसीटैबुलम की अत्याधुनिक एवं जटिल सर्जरी तकनीकों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
ऑर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में पेल्विक इंजरी एवं एसीटैबुलम फ्रैक्चर को सबसे जटिल एवं चुनौतीपूर्ण चोटों में गिना जाता है, जिनका उपचार सामान्यतः केवल विशेषीकृत केंद्रों पर ही संभव होता है, जहां प्रशिक्षित विशेषज्ञों एवं उन्नत सुविधाओं की उपलब्धता होती है।
यूपीयूएमएस सैफई अब ऐसे ही उन्नत केंद्रों में शामिल हो रहा है। माननीय कुलपति डॉ अजय सिंह के नेतृत्व में अस्थि रोग विभाग को आधुनिक तकनीकों एवं सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
डॉ. हरीश कुमार ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के पश्चात यह संकल्प व्यक्त किया है कि वे अपने अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर क्षेत्रीय मरीजों को विश्व-स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने में योगदान देंगे, जो संस्थान की उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की परिकल्पना को साकार करेगा।