निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के हितार्थ हेतु लगी जेल लोक अदालत |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर मनोज कुमार राय के कुशल निर्देशन में जिला कारागार, हमीरपुर में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के हितार्थ जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जेल लोक अदालत का आयोजन नामित पीठासीन अधिकारी शंशाक गुप्ता, अपर सिविल जज (सी०डी०), हमीरपुर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। लोक अदालत के माध्यम से विचाराधीन बंदियों से संबंधित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत दो मामलों का निस्तारण जुर्म इकबाल के आधार पर किया गया। इनमें वाद संख्या 8539/2021, अपराध संख्या 194/2021, धारा-60 एक्साइज एक्ट से संबंधित प्रकरण तथा वाद संख्या 320/2003, अपराध संख्या 123/2003, धारा-25 आर्म्स एक्ट से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि जेल लोक अदालत का उद्देश्य बंदियों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना तथा न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाना है। इस प्रकार के आयोजन से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में सहायता मिलती है तथा बंदियों को विधिक सहायता का लाभ प्राप्त होता है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित न्यायिक अधिकारी एवं कारागार प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।