अखिल भारतीय लोधी, लोधा राजपूत महासभा ने बौखर हत्याकांड खुलासे के लिए सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता को सौंपा ज्ञापन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ हमीरपुर - जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बौखर में करीब आठ माह पूर्व शौचालय की महिला केयरटेकर की हुई हत्या का अब तक खुलासा न होने पर अखिल भारतीय लोधी, लोधा राजपूत महासभा ने नाराजगी जताई है। महासभा के पदाधिकारियों ने दिल्ली पहुंचकर सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग उठाई।महासभा के जिलाध्यक्ष रूप सिंह लोधी ने बताया कि बौखर गांव निवासी शीला देवी पत्नी नंदलाल लोधी गांव के शौचालय में अपने समूह की ओर से केयरटेकर का कार्य करती थीं। आरोप है कि 20 सितंबर 2025 की रात अज्ञात लोगों ने उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के कई माह बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।इसी को लेकर महासभा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा पटनाहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की गहन जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर मामले के खुलासे की मांग की है।