भारतीय सेना अग्निवीर में अमित का हुआ चयन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l कुरारा विकास क्षेत्र के बम्हनपुर गांव निवासी अमित कुमार का भारतीय सेना में अग्निवीर के पद पर चयन हुआ है। इस सफलता से पूरे गांव और परिवार में खुशी का माहौल है। मेरिट सूची जारी होने के बाद से ही अमित के परिजनों ने लोगों में मिठाई बांटी। गांव के लोग और रिश्तेदार अमित के घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं।
अमित के पिता लल्ला ने बताया कि उनके बेटे का थल सेना में अग्निवीर के रूप में चयन होने से परिवार बेहद प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है।
अमित के चाचा और भाजपा नेता श्यामबाबू ने जानकारी दी कि अमित की बचपन से ही भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने की इच्छा थी। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत की और सफलता हासिल की। अपनी सफलता का श्रेय अमित ने अपने पिता और चाचा को दिया। उन्होंने कहा, "इन्हीं के मार्गदर्शन और परिश्रम से मैंने पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया है। पिता ने खेती-बाड़ी और मजदूरी करके मुझे पढ़ाया, वहीं चाचा श्यामबाबू ने सेना की तैयारी में मेरा मार्गदर्शन किया।" अमित ने बताया कि इसी के परिणामस्वरूप आज उन्हें देश सेवा के लिए भारतीय सेना द्वारा चुना गया है।
अमित के चयन की सूचना मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन कुशवाहा, वरिष्ठ भाजपा नेता हरनारायण हिंदू (शिवनी निवासी), देवी शरण सिंह, ज्ञानेन्द्र कुशवाहा और रामकिशोर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उनके घर पहुंचे और शुभकामनाएं दीं।