बाइक से गिरकर बुजुर्ग महिला की मौत, कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा, हमीरपुर l मौदहा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बताया गया कि महिला अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह चलती बाइक से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी मौदहा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात्रि समय करीब 09:46 बजे सीएचसी मौदहा से सूचना प्राप्त हुई कि रमरतिया पत्नी घनश्याम, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी ग्राम कमहरिया थाना खन्ना जनपद महोबा को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। परिजनों ने बताया कि वे लोग मौदहा कस्बे में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव खन्ना लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करहिया के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे रमरतिया चलती बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौदहा पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई की। हालांकि मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए पुलिस को लिखित पत्र दे दिया।