सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में हमीरपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन
राजस्व एवं विकास श्रेणी की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश में प्राप्त किया तीसरा स्थान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (सीएम डैशबोर्ड) द्वारा जारी मई माह, 2026 की मासिक प्रगति रिपोर्ट में जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्व एवं विकास श्रेणी की संयुक्त रैंकिंग में पूरे उत्तर प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद प्रशासन की प्रभावी कार्यशैली, सतत मॉनिटरिंग तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का प्रतिफल है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारने के साथ-साथ राजस्व संग्रह के लक्ष्यों को भी सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। विकास एवं राजस्व जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एक साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर शीर्ष जनपदों में स्थान बनाना जनपद के लिए गौरव का विषय है।उल्लेखनीय है कि जनपद ने पिछले कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उच्च ग्रेडिंग एवं उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त की है। मई माह की रिपोर्ट में भी इस उत्कृष्टता को बरकरार रखते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करना प्रशासनिक दक्षता, विभागीय समन्वय तथा लक्ष्य आधारित कार्य संस्कृति का प्रमाण है।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयासों, प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनपद की इस उत्कृष्ट रैंकिंग को भविष्य में भी बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन का लक्ष्य केवल बेहतर रैंकिंग प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसामान्य को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के साथ आगामी महीनों में और अधिक प्रभावी प्रयास करते हुए जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।