दिल्ली हादसे के बाद केडीए का एक्शन, पांच परिसरों के बेसमेंट सील
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। दिल्ली के दुखद घटना के बाद केडीए ने शहर में नियमों के विपरीत संचालित गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में केडीए की प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल, होटल और शैक्षणिक संस्थानों के बेसमेंट में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाकर पांच परिसरों के बेसमेंट सील कर दिए।प्रवर्तन जोन-4 क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने किया। उनके साथ अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, प्रवर्तन स्टाफ, विभागीय सुरक्षा बल तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। जांच के दौरान ऐसे परिसरों को चिन्हित किया गया, जहां बसमेंट का उपयोग स्वीकृत मानकों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर पांच परिसरों के बेसमेंट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। डॉ. रवि प्रताप सिंह का कहना है कि बेसमेंट का उपयोग केवल स्वीकृत मानकों और भवन उपविधियों के अनुरूप ही किया जा सकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित गतिविधियां जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। दिल्ली में हुए बेसमेंट हादसे के बाद प्राधिकरण ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सतर्क है और शहरभर में जांच अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से बेसमेंट में व्यवसाय संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
|