आशा भोसले को समर्पित होगी सुरमयी संध्या, राजेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में गूंजेंगे सदाबहार नगमे
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। औद्योगिक नगरी के संगीत प्रेमियों के लिए शनिवार की शाम यादगार बनने जा रही है। भारतीय फिल्म संगीत जगत की महान और सदाबहार पार्श्व गायिका आशा भोसले को समर्पित एक भव्य संगीत संध्या का आयोजन शहर में किया जा रहा है, जिसमें उनके अमर और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।इस संबंध में शुक्रवार को कानपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी दी गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कानपुर गोल्फ क्लब के अध्यक्ष संजय गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि संगीत जगत की इस महान हस्ती को स्वरांजलि अर्पित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।आयोजकों के अनुसार, यह विशेष संगीत कार्यक्रम सिविल लाइंस स्थित राजेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे होगा और इसमें आशा भोसले के हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर से लेकर आधुनिक युग तक के लोकप्रिय गीतों को मंच पर जीवंत किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि कार्यक्रम की विशेषता इसका उत्कृष्ट संगीत संयोजन (ऑर्केस्ट्रेशन) और कलाकारों का चयन होगा। मंच पर कानपुर के स्थापित एवं उभरते स्थानीय गायक अपनी प्रस्तुति देकर श्रोताओं को सुरों की दुनिया की सैर कराएंगे। कार्यक्रम में आशा भोसले के रूमानी, चुलबुले, भावपूर्ण और सदाबहार गीतों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। आयोजकों ने शहरवासियों से इस सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भारतीय संगीत की इस महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है
|