खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री नष्ट- एक्सपायर्ड सिरप, शरबत और सॉस का बड़ा जखीरा नष्ट, निर्माण इकाई पर होगी कार्रवाई- जिलाधिकारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 जून 2026 को जाजमऊ, कानपुर नगर स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया गया। उक्त प्रतिष्ठान के खाद्य कारोबारकर्ता तौकीर कमाल अंसारी हैं। निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी मात्रा में कालातीत (एक्सपायर्ड) सिरप, क्रश, शरबत एवं सॉस भंडारित पाए गए। निरीक्षण के समय मौजूद व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जिसके चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके उपरांत दिनांक 17 जून 2026 को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रतिनिधि की उपस्थिति में अचार के दो नमूने संग्रहित किए गए तथा लगभग 198 किलोग्राम अचार को सीज किया गया। साथ ही जांच हेतु सॉस के तीन नमूने भी संग्रहित किए गए। अधिक समय व्यतीत हो जाने के कारण कालातीत खाद्य सामग्री का तत्काल विनष्टीकरण नहीं कराया जा सका। 19 जून 2026 को विभागीय कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए लगभग 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग ₹2,32,200 है, को नगर निगम के भवती स्थित डंपिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अवमानक एवं कालातीत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कार्यवाही के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य)।। संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, अरविन्द, आशुतोष एवं दिव्या उपस्थित रहीं।
|