योग दिवस बना जनआंदोलन, शहरभर में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को कानपुर योगमय हो उठा। शहर के पार्कों, विद्यालयों, संस्थानों, कॉलोनियों और घरों में योग के प्रति अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। सुबह होते ही हजारों लोग योग शिविरों में शामिल होने के लिए निकल पड़े। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी कर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। शहर का वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो कोई बड़ा सांस्कृतिक उत्सव मनाया जा रहा हो।गोविंद नगर स्थित अमर शहीद कर्नल सिद्धार्थ तिवारी पार्क में पंतजलि योग समिति कानपुर दक्षिण के तत्वावधान में आयोजित भव्य योग शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। योगाचार्या डा. सन्तोष अरोड़ा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे वैश्विक मंच पर स्थापित करने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं योग गुरु बाबा रामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज योग विश्व के करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है और भारत की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां प्रदान कर रहा है।उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मबल, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक उन्नति का भी मार्ग है। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न तनाव, अवसाद और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए निकालकर योगाभ्यास अवश्य करना चाहिए। योग शिविर में ओम् उच्चारण, त्राटक क्रिया, सूर्य नमस्कार, सिद्धासन, सिंहासन, ताड़ासन, भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भुजंगासन एवं शवासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने इन आसनों एवं प्राणायामों के स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षिका चन्द्रकान्ता गेरा ने किया। इस अवसर पर प्रकाश वीर आर्य, पार्षद सरोज चड्ढा, रंजना सचान, रेखा सेन, मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, नीरज चड्ढा, निधि गेरा, हरीश अरोड़ा, सुरेन्द्र गेरा, वीरेन्द्र मल्होत्रा,वंश आर्य,मुरलीधर आहुजा एवं दीपक सखूजा सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।
|