उत्तम स्वास्थ्य के लिए लगा निशुल्क परामर्श शिविर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय ‘उत्तम स्वास्थ्य निःशुल्क परामर्श शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की छात्राओं में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विशेष रूप से उन छात्राओं को उचित परामर्श प्रदान करना था, जिनका हीमोग्लोबिन स्तर कम पाया गया, चाहे वे माइल्ड एनीमिया अथवा सीवियर एनीमिया की स्थिति में हों।कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता (डीन) डॉ. सीमा सोनकर द्वारा किया गया। उन्होंने एनीमिया के प्रमुख कारणों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. विनीता सिंह द्वारा छात्राओं को एनीमिया के प्रारंभिक लक्षणों, बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में उपस्थित सभी छात्राओं की हीमोग्लोबिन जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें व्यक्तिगत आहार एवं जीवनशैली संबंधी परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम में विभाग की डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्राओं की काउंसलिंग एवं शिविर के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्राप्त किया। इसी क्रम में जिन छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य से कम पाया गया है, उन्हें प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग में निःशुल्क पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
|