विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, जुलाई में चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान |
-अगस्त से मानक उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। विशिष्ट अतिथि विधायक घाटमपुर सरोज कुरील की उपस्थिति में जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर परिवहन विभाग शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरोज कुरील ने कहा कि विद्यालयों में आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट तथा अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच कराई जाए, जिससे बच्चों का आवागमन पूर्णतः सुरक्षित सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परिवहन विभाग एवम शिक्षा विभाग विद्यालयों के बाहर विशेष जागरूकता अभियान संचालित करे। अभियान के माध्यम से स्कूली वाहन चालकों एवं संचालकों को विभाग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जाए तथा उनका पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले वाहन संचालकों को पर्याप्त अवसर देते हुए उन्हें जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूली वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार के दिन विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, जिनमें वाहन फिटनेस, दस्तावेजों का सत्यापन, आवश्यक जांच एवं अन्य औपचारिकताएं एक ही स्थान पर पूर्ण कराई जाएं, ताकि वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके उपरांत भी यदि कोई वाहन संचालक निर्धारित मानकों का पालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विद्यालयों के बाहर आवश्यक सड़क सुरक्षा एवं चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्यालय परिसर के आसपास यातायात अनुशासित एवं सुरक्षित बनाया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि जुलाई माह को पूर्णत जागरूकता माह के रूप में संचालित किया जाए। इस अवधि में वाहन संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद अगस्त माह से निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे पांच विद्यालयों का चयन किया जाए, जिनके स्कूली वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का उत्कृष्ट रूप से पालन कर रहे हों। ऐसे विद्यालयों को जिला स्तर पर सम्मानित कर अन्य विद्यालयों को भी सुरक्षा मानकों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।