महाराष्ट्र से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को मझगवां पुलिस ने परिजनों से मिलाया
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मझगवां थाना पुलिस ने महाराष्ट्र से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने हमीरपुर पुलिस का आभार जताया।पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक मझगवां क्षेत्र में भटक रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने युवक को संरक्षण में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम करन पुत्र लाला पाटुरे निवासी ग्राम सौलगवन, थाना मौजपुरी, जिला जालना (महाराष्ट्र) बताया। थाना मौजपुरी पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि युवक की मां गंगूबाई पाटुरे ने 1 जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। शुक्रवार को युवक की मां और भाई थाना मझगवां पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। बेटे और भाई को सकुशल पाकर परिजनों ने मझगवां पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना की। इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, कांस्टेबल आशीष मिश्रा और कांस्टेबल शिवेंद्र सिंह की प्रमुख भूमिका रही।