शिक्षामंत्री के पुतला दहन और प्रदर्शन पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक
- छात्रों की आवाज बुलंद करने कल जताएंगे लखनऊ में विरोध
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शिक्षामंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करने निकले एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को रविवार को पुलिस ने तिलकहाल के बाहर ही रोक लिया। कार्यकर्ता मेस्टन रोड स्थित तिलक हॉल से दोपहर नारेबाजी करते हुए निकले। पुलिस को पुतला दहन करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्र और उनके परिवार परेशान हैं।एक परीक्षा का पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना उनका अधिकार है, लेकिन उन्हें रोककर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनिकेत मिश्रा ने कहा कि रविवार को पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक दिया, जिससे वे पुतला दहन नहीं कर सके। हालांकि आने वाले दिनों में संगठन और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि अगली बार एनएसयूआई के कार्यकर्ता चार गुना अधिक संख्या में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और छात्रों की आवाज बुलंद करेंगे।