आगामी दिनों में भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना, नागरिक सतर्क रहें : जिलाधिकारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, प्रादेशिक मौसम केन्द्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी बुलेटिन के अनुसार जनपद हमीरपुर में 20 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक गरज-चमक के साथ वर्षा, कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली (वज्रपात) की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से पूरी सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। वर्षा एवं मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित भवनों में रहें तथा नदी, नालों, पुल-पुलियों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों तथा धातु की संरचनाओं के नीचे शरण लेने से बचें और बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों में न रहें।
मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को भारी वर्षा एवं वज्रपात, 21 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली, 22 जुलाई को भारी वर्षा एवं मेघगर्जन तथा 23 जुलाई को गरज-चमक के साथ अनेक स्थानों पर वर्षा एवं कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने आगाह किया है कि लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे एवं जर्जर भवनों को क्षति, पेड़ों के गिरने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने तथा सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, लगातार वर्षा के दौरान उर्वरकों एवं कीटनाशकों का छिड़काव स्थगित रखने तथा सब्जी एवं बेलदार फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने, राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को दें।
मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी एवं समय पर चेतावनी प्राप्त करने के लिए नागरिक 'मौसम', 'दामिनी' एवं 'सचेत' मोबाइल ऐप का उपयोग करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें।