कल राज्य महिला आयोग की सदस्य करेंगी महिला जनसुनवाई
-महिला जागरूकता शिविर का होगा आयोजन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को जनपद का भ्रमण करेंगी। उनके द्वारा अपराह्न एक बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट में महिला जागरूकता शिविर, महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा तथा महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी एवं सशक्तिकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। उन्होंने जनपद की समस्त महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं एवं आवेदिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आयोजित महिला जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी शिकायतें एवं समस्याएं राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता के समक्ष प्रस्तुत करें। इससे उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के साथ-साथ उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।