पुलिस लाइन हमीरपुर में एएचटी एवं मिशन शक्ति की संयुक्त समन्वय गोष्ठी आयोजित
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l क्षेत्राधिकारी यातायात श्रीमती मंजू पांडे द्वारा थाना एएचटी एवं मिशन शक्ति की संयुक्त समन्वय गोष्ठी का आयोजन पुलिस लाइन हमीरपुर के सभागार में किया गया। गोष्ठी में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष , श्रम विभाग ,चाइल्ड हेल्पलाइन ,वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक , जिला बाल संरक्षण इकाई ,किशोर न्याय बोर्ड , थाना एएचटी प्रभारी सहित जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण अधिकारी, कर्मचारी एवं मिशन शक्ति टीम उपस्थित रही। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्यों के निष्पादन में होने वाली अनावश्यक विलंब को दूर करना तथा मिशन शक्ति एवं बाल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना था। बैठक में बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय तथा संयुक्त रूप से समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों एवं समस्याओं से अवगत कराया। इन समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान हेतु आपसी सहयोग, समन्वय एवं संयुक्त प्रयासों से कार्य करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विधवा पेंशन, बाल संरक्षण एवं बच्चों के कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।