अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रो. डॉ. राजेश कुमार ठाकुर को FICOI फेलोशिप से सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के दंत विज्ञान संकाय के पीरियोडॉन्टोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजेश कुमार ठाकुर को इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ ओरल इम्प्लांटोलॉजिस्ट्स (ICOI), अमेरिका द्वारा आयोजित ICOI आसियान कांग्रेस-2026 में प्रतिष्ठित FICOI (Fellow of International Congress of Oral Implantologists) फेलोशिप से सम्मानित किया गया।
यह सम्मेलन 24 से 26 जुलाई तक चेन्नई स्थित सविता डेंटल कॉलेज एवं चिकित्सालय में आयोजित हुआ, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने भाग लिया। डॉ. ठाकुर को यह सम्मान दंत प्रत्यारोपण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य एवं योगदान के लिए प्रदान किया गया।
उन्होंने “एलेन्ड्रोनेट का दंत प्रत्यारोपण के जुड़ाव एवं अस्थि स्तर पर प्रभाव” विषय पर अपना शोध भी प्रस्तुत किया, जिसे सराहा गया।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय एवं दंत विज्ञान संकाय के लिए गर्व का विषय है।
माननीय कुलपति महोदय प्रो. डॉ. अजय सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में चिकित्सकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय रूप से भाग लेने, शोध कार्यों को प्रस्तुत करने तथा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे इस प्रकार की उल्लेखनीय उपलब्धियां संभव हो रही हैं।