सर्राफा व्यापारियों ने बाहरी पुलिस के उत्पीड़न के विरोध में बाजार बंद कर दिया धरना
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ ,हमीरपुर l बाहरी जिलों और दूसरे राज्यों की पुलिस द्वारा कथित उत्पीड़न, छापेमारी, हिरासत और अवैध वसूली के आरोपों से नाराज सर्राफा कारोबारियों ने रविवार को कोटबाजार में अपनी दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाहरी पुलिस की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। राठ स्वर्णकार समाज धर्मशाला के अध्यक्ष सुरेश सोनी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बृजेंद्र सोनी भोले और संरक्षक बृजभूषण सोनी दाऊ ने बताया कि व्यापारी ग्राहकों से सोना-चांदी खरीदकर कारोबार करते हैं। आरोप लगाया कि अंतर्जनपदीय थानों और दूसरे राज्यों की पुलिस उनकी दुकानों व प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर छापेमारी करती है। इस दौरान व्यापारियों को हिरासत में लेने, खरीदे गए सोने को जब्त करने और अवैध वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए गए। व्यापारियों का कहना है कि बाहरी पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से सर्राफा कारोबारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि बाहरी पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए और व्यापारियों का उत्पीड़न तत्काल बंद कराया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। धरने में जितेंद्र सोनी, रोहित सोनी, आकाश सोनी, कपिल सोनी, कुलदीप सोनी, दिनेश सोनी, रामजी सोनी, दिलीप सोनी, प्रिंस सोनी और अशोक सोनी सहित बड़ी संख्या में सर्राफा कारोबारी मौजूद रहे।व्यापारियों के धरना-प्रदर्शन के बीच पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों से सकारात्मक वार्ता की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
|