तेज बारिश से पनकी पावर प्लांट की जल निकासी ध्वस्त, 400 केवी ग्रिड में भरा कई फीट पानी
- अधिकारियों की लापरवाही से बनी रहती है समस्या
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।औद्योगिक क्षेत्र पनकी स्थित पावर हाउस प्लांट परिसर में कल रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी पनकी पावर हाउस स्थित 400 केवी ग्रिड परिसर में भी भर गया। देखते ही देखते पूरा ग्रिड परिसर तालाब में तब्दील हो गया, जिससे ग्रिड के महत्वपूर्ण उपकरणों के पानी में डूबने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बन गया है।स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि पावर प्लांट के निर्माण के दौरान ही पानी की निकासी के लिए पुख्ता और समुचित इंतजाम नहीं किए गए थे। यही मुख्य वजह है कि थोड़ी सी भी तेज बारिश होते ही पूरा प्लांट परिसर जलमग्न हो जाता है। यह गंभीर समस्या विगत कई वर्षों से लगातार बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। कल रात हुई अचानक तेज बारिश के बाद जब 400 केवी ग्रिड में पानी भर गया, तो वहां तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। ग्रिड में पानी भरने के कारण तकनीकी खराबी और शॉर्ट सर्किट की आशंका काफी बढ़ गई है। यदि पानी का स्तर और बढ़ता है या समय रहते पंप लगाकर पानी नहीं निकाला गया, तो बड़े इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो सकती है। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि हर साल मानसून के दौरान पनकी पावर हाउस की जल निकासी की कलई खुलती है। विभागीय अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, इसके बावजूद हर बार सिर्फ अस्थायी कोरम पूरा किया जाता है। लोगों ने जल्द से जल्द 400 केवी ग्रिड से पानी निकालने और स्थायी नाला निर्माण कराने की मांग की है।