वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं एवं महिलाओं को उपलब्ध सेवाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के दिशा-निर्देशन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल द्वारा मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सेंटर में महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता, विधिक सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान सेंटर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेखों तथा पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। सचिव द्वारा सेंटर की कार्यप्रणाली तथा जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई।
इस दौरान वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर श्रीमती श्यामा उपस्थित रहीं। उनके द्वारा सेंटर की कार्यप्रणाली एवं पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान पीएलवी पवन तिवारी भी उपस्थित रहे।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित किया गया कि सेंटर पर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यक विधिक सहायता, परामर्श एवं सहयोग समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनकी सुरक्षा, गरिमा एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।