राठ में 26 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ हमीरपुर - राठ कस्बे के दीवानपुरा इलाके में मंगलवार शाम एक 26 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान दीवानपुरा निवासी नंदिनी पत्नी रोहित के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम नंदिनी घर के एक कमरे में थी। कुछ देर बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली। यह दृश्य देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर सीएचसी राठ लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
दो वर्ष पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार नंदिनी की शादी करीब दो वर्ष पहले रोहित के साथ हुई थी। उसका मायका झांसी जिले के गुरसरांय क्षेत्र के सेमरी गांव में बताया गया है। घटना की सूचना मायके पक्ष के लोगों को भी दे दी गई है।
राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।