पांडु नदी की बाढ़ से जलमग्न मायापुरम बस्ती पहुंचे विधायक सुरेंद्र मैथानी
-150 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर कराया शिफ्ट |
-अधिकारियों को राशन व पेयजल आपूर्ति के दिए निर्देश |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पांडु नदी के उफान से आई भीषण बाढ़ के कारण वार्ड 09 रविदास पुरम की पूरी मायापुरम बस्ती जलमग्न हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सुरेंद्र मैथानी तत्काल मौके पर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। बस्ती के कई घरों में करीब 10 फीट तक पानी भर जाने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई थी। विधायक जी ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और उनके सामान सहित सड़क किनारे तथा ऊंचे स्थानों पर बने सुरक्षित स्थलों (मचान/झोपड़ियों) में शिफ्ट कराया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि बस्ती के अंदर कमर से ऊपर तक भरे पानी में स्वयं जाकर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं कोई परिवार या बच्चा अंदर तो नहीं फंसा रह गया है। विधायक जी ने कहा, "ईश्वर की कृपा है कि समय रहते कार्रवाई होने से कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन करीब 150 से अधिक परिवार अपने घरों में पानी भरने के कारण ऊंचे स्थलों पर शरण लेने को विवश हुए हैं।"
मौके से ही अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश राहत कार्यों को गति देने के लिए विधायक जी ने घटनास्थल से ही महाप्रबंधक (जीएम) जल संस्थान से फोन पर वार्ता की। विधायक ने निर्देश दिया कि विधायक निधि से दिए गए स्टील के पानी के टैंकरों को तत्काल प्रभावित क्षेत्र में खड़ा कराकर शुद्ध पेयजल की अविलंब व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही, क्षेत्र में पूर्व में स्थापित समरसेबल पंपों के जरिए भी पीड़ित परिवारों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के प्रबंध को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मौके से ही एडीएम सदर से दूरभाष पर बात की। विधायक ने बताया कि 150 से अधिक प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है, अतः प्रशासन तत्काल राशन किट और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। इस पर जिला प्रशासन ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशानुसार तुरंत राहत सामग्री व राशन वितरण का कार्य शुरू कराया जा रहा है।
संकट की घड़ी में साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
अपने जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्य को प्राथमिकता देते हुए विधायक ने सभी प्रभावित परिवारों के बीच जाकर एक-एक सदस्य का हाल-चाल जाना। उन्होंने स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं से अपना ख्याल रखने की अपील की और सभी को अपना व्यक्तिगत फोन नंबर देते हुए कहा, "यदि रात में भी किसी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति आए, तो बेझिझक सीधे मुझे फोन करें, मैं तुरंत हाजिर रहूंगा। यह एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन हम सब मिलकर इससे मजबूती से पार पा लेंगे।"
विधायक ने क्षेत्रीय सक्षम नागरिकों से भी इन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने स्पष्ट कहा कि वे अपनी ओर से भी इन सभी परिवारों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कर रहे हैं और विधानसभा के 100 प्रतिशत बाढ़ पीड़ितों को हर संभव राहत पहुंचाई जाएगी। उक्त निरीक्षक पर विधायक सुरेन्द्र मैथानी, जीतू, जेपी गौड़, अनिल निषाद, अजय गुलवानी, सजंय सिंह,धनीराम, विवेक तिवारी आदि लोग मौजूद रहे |