जन्माष्टमी की तैयारी पूरी, बारिश ने बाजार की रौनक छीनी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l शुक्रवार को होने वाले जन्माष्टमी पर्व को लेकर कस्बे के बाजारों में दुकानदारों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दुकानों पर भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियों और पूजा-सजावट का सामान सज गया है, लेकिन रुक-रुककर हो रही बारिश ने बाजार की रौनक फीकी कर दी है। ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे दुकानदारों को कारोबार प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है।
थाना चौराहा से मलिकुआ चौराहा के बीच दर्जनों दुकानदारों ने जन्माष्टमी को लेकर कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। दुकानों पर पर्व से संबंधित सामान सजा हुआ है, लेकिन लगातार बारिश के चलते बाजार में अपेक्षित भीड़ नजर नहीं आ रही है।
क्षेत्र में चंद्रावल नदी का पानी बढ़ने और लगातार बारिश से कई स्थानों पर मकानों के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोग पहले से ही परेशान हैं। ऐसे में लोग खरीदारी के लिए बाजार आने से बच रहे हैं।
दुकानदार शिवम गुप्ता ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर अच्छी खासी रकम लगाकर सामान मंगाया गया है। दुकानें सजाकर ग्राहकों का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन बारिश के कारण ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। मौसम साफ होने पर ही कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।