अपराधियों की खैर नहीं, माफिया और सांप्रदायिक तत्वों के घर पहुंचेगी पुलिस
- डीसीपी पूर्वी की सख्ती के बाद जाजमऊ पुलिस एक्शन मोड में, बदमाशों की गतिविधियों का होगा भौतिक सत्यापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पूर्वी जोन के संवेदनशील इलाके जाजमऊ में अपराधियों, माफिया से जुड़े लोगों और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस का शिकंजा और कसने जा रहा है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को थाना जाजमऊ के विवेचकों का अर्दली रूम लेकर साफ संकेत दे दिया कि अब अपराधियों की केवल कागजी निगरानी नहीं होगी, बल्कि उनके घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। पुलिस कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीसीपी ने लंबित विवेचनाओं की प्रगति पर नाराजगी जताई और बिना कारण मामलों को लटकाने वाले विवेचकों को कड़ी चेतावनी दी।उन्होंने कहा कि हर विवेचना समयबद्ध, निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित होनी चाहिए। किसी भी मामले में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सबसे अहम निर्देश अपराधी किस्म के लोगों, हिस्ट्रीशीटरों, माफिया नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों और सांप्रदायिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों के सत्यापन को लेकर दिया गया। पुलिस अब ऐसे लोगों के घरों तक पहुंचेगी, उनके वर्तमान ठिकानों, गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड का मिलान करेगी। इससे पुलिस को यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कौन अपराध की दुनिया से बाहर आ चुका है और कौन अब भी अवैध गतिविधियों में सक्रिय है। जाजमऊ क्षेत्र को देखते हुए पुलिस की यह कवायद कानून-व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।