मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में पुलिस आयुक्त ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | पुलिस आयुक्त, रघुबीर लाल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस उपायुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी, अवैध शस्त्र एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, महिला अपराधों में संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों एवं आईजीआरएस के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विसर्जन स्थलों की निगरानी, महिला सुरक्षा एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया की सतत निगरानी करते हुए भ्रामक एवं फेक न्यूज का त्वरित तथ्यों के साथ खंडन करने तथा आवश्यकतानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन शक्ति, निरोधात्मक कार्रवाई, ई-सम्मन, पुलिसिंग ऐप्स एवं साइबर अपराधों की रोकथाम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
|