यूपीयूएमएस कुलपति ने मेडिकल कॉलेज एवं 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज एवं 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुलपति ने निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कुलपति ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया तथा चिकित्सकों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता एवं उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
माननीय कुलपति ने शैक्षणिक पाठ्यक्रम के निर्धारित समयानुसार सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में शिक्षण कार्य, कक्षाओं, प्रैक्टिकल एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों का संचालन निर्धारित मानकों एवं समय-सारिणी के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात कुलपति ने 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कुलपति ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कुलपति ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने संबंधित उपस्थिति पंजिकाओं का अवलोकन कर यह सुनिश्चित किया कि सभी निर्धारित चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर समय से उपलब्ध रहें और मरीजों को उपचार एवं सेवाएं प्रदान करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कुलपति ने अस्पताल की फार्मेसी में दवाओं की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न आवश्यक दवाओं के स्टॉक, उनकी उपलब्धता तथा मरीजों को दवाओं के वितरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध हों तथा दवा वितरण व्यवस्था पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित की जाए।
माननीय कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।