मौदहा में गुटका व्यवसाई के घर जीएसटी की छापेमारी से हड़कंप
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर - मौदहा कस्बा के विख्यात गुटका व्यवसाई के घर जीएसटी अधिकारियों की छापेमारी में हड़कंप मच गया। हालांकि इस छापेमारी के पहले ही व्यवसाई घर से कहीं नदारद हो गया था। बताते चलें कि मौदहा कस्बा के मुख्य बाजार में गढ़ाना तालाब के किनारे गुटका व्यवसाई अमित ओमर का मकान और गोदाम है। बीते लगभग एक दशक से अमित ओमर एस ट्रेडर्स के नाम से कई व्यवसाय करता है। जिसमें सबसे बड़ा व्यवसाय गुटका का माना जाता है। चर्चा है कि मौदहा कस्बा सहित आसपास के क्षेत्र व जिलों में प्रचलित "किस्मत " नामक गुटका इसी व्यवसाई का प्रोडक्शन है। इसके अलावा कई अन्य शब्जी मशाला सहित अन्य दर्जनों उत्पादों का व्यापार इस फर्म में होता है। शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे लखनऊ नंबर की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों का काफिला अमित ओमर के गोदाम पर पहुंचा। जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष व महिला पुलिस भी थी। इसके साथ ही इन गाड़ियों में जीएसटी अधिकारी मौजूद थे। इन्होंने गोदाम और मकान को चारों ओर से घेर रखा था। इसके बाद इन्होंने गोदाम का गेट खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तथा गेट को लाक करा दिया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ दरोगा और सिपाही गोदाम के बाहर मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी की कार्रवाई चलती रही है। सूत्रों की मानें तो लगभग दो सौ करोड़ की जीएसटी चोरी का मामला बताया जा रहा है।इधर जीएसटी अधिकारियों की छापेमारी की खबर समूचे कस्बा में जंगल की आग की तरह फ़ैल गई और तमाम प्रतिष्ठानों के सटर धड़ाधड़ गिरने शुरू हो गए।