बापू के विचारों पर चलकर ही देश पहुँचेगा उन्नति के शिखर पर: एआरटीओ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय, कानपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यालय प्रांगण में एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) कहकशा खातून एवं पीटीओ दीपक सिंह ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरण कर बापू के आदर्शों को याद किया गया। उपस्थित कर्मचारियों व अधिकारियों को संबोधित करते हुए एआरटीओ (प्रशासन) कहकशा खातून ने कहा, "महात्मा गांधी जी न केवल हमारे राष्ट्रपिता हैं, बल्कि उन्होंने भारत की एकता, अखंडता और स्वाधीनता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। बापू के सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा के दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम समाज और देश को उन्नति के नए शिखर पर ले जा सकते हैं।" इस अवसर पर परिवहन विभाग के विभिन्न पटल के अधिकारी व समस्त कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा। सभी कर्मचारियों ने बापू के बताए सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
|