नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया स्वगणना का संदेश, जनगणना में भागीदारी के लिए किया जागरूक
*परेड चौराहे पर गीत-संगीत और संवादों के माध्यम से कलाकारों ने बताई सही जनगणना की अहमियत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जनगणना–2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को परेड चौराहे पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में पंजीकृत नाट्य दल 'संस्कार' द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने ढोल-मंजीरे, गीत-संगीत और आकर्षक संवादों के माध्यम से लोगों को स्वगणना का महत्व समझाया तथा 16 से 30 नवंबर तक स्वयं अपने परिवार की गणना करने के लिए प्रेरित किया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकार हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों के बीच पहुंचे। नाटक में 'लल्लू' नामक पात्र ने सवाल उठाया कि जनगणना से आम लोगों को क्या लाभ होता है। इसके जवाब में कलाकारों ने रोचक संवादों के माध्यम से बताया कि सही जनगणना से देश की आबादी, महिलाओं, पुरुषों, बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों की वास्तविक संख्या और विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं का आकलन होता है। इसी आधार पर स्कूल, अस्पताल, सड़क, परिवहन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में सहायता मिलती है।
कलाकारों ने बताया कि जनगणना में दी गई सही एवं संपूर्ण जानकारी देश के विकास की योजनाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से स्वगणना पोर्टल के माध्यम से निर्धारित अवधि में अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने 'जनगणना में देंगे साथ, विकास की ओर बढ़ाएंगे हाथ' तथा 'चलो निभाएं जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी' जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और जनगणना में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया।
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन मुकेश श्रीवास्तव ने किया। प्रस्तुति में अंजना, शानू, सुनीत सिंह, विनय, विकास, दीपक एवं श्याम वर्मा सहित अन्य कलाकारों ने भाग लिया।