दुकान में फंदे से लटका मिला सैलून संचालक का शव, मचा हड़कंप
-मामला कन्नौज जिले के थाना ठठिया के गांव जनखत का।-बीती सायं अपने कन्नौज स्थित घर नहीं लौटा था सैलून संचालक,सुबह मामले की जानकारी के बाद मचा कोहराम,जांच में जुटी पुलिस
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ संदीप शर्मा
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।एक 18 वर्षीय सैलून संचालक का शव उसकी ही दुकान पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिलने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया।जानकारी के मुताबिक कन्नौज के मकरंदनगर निवासी 18 वर्षीय रेहान पुत्र स्व. अतीक ने बीते करीब 8 माह पूर्व ठठिया के जनखत में अपनी सैलून की दुकान खोली थी। रोजाना अपनी बाइक से कन्नौज स्थित अपने घर से आकर रेहान अपनी दुकान चलाता था और इसके बाद शाम को अपने घर लौट जाता था। रोजाना की तरह बुधवार को भी रेहान ने गांव स्थित दुकान खोली और काम किया। शाम को रेहान वापस अपने घर नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई तो रेहान का पता लगाने के लिए खोजबीन और जानकारी की गई लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।गुरुवार की सुबह रेहान के परिजन गांव स्थित दुकान पर पहुंचे। यहां दुकान के शटर का ताला बाहर से खुला था जबकि बाइक भी निकट ही खड़ी थी। मामला संदेहास्पद जान मौके पर मौजूद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को भी सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों ने शटर उठाया तो नहीं खुला। इसके बाद मोबाइल टार्च की रोशनी से दुकान के अंदर देखा तो सभी दंग रह गए। दुकान के अंदर एक लटका हुआ शव नजर आया।आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद मौके पर ठठिया थाने के उपनिरीक्षक अनिमेष तिवारी और डायल 112 पुलिस भी पहुंची। शटर खोला गया तो अंदर का नजारा देख मौके पर मौजद रेहान के परिजन और ग्रामीण सन्न रह गए। रेहान का शव दुकान के अंदर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला।रेहान की मौत पर परिजनों में कोहराम और करुण क्रंदन का सिलिसला शुरू हो गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मामले में साक्ष्य जुटाए हैं,वहीं मृतक के शव को पुलिस ने अपनी सुपुर्दगी में लेने के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।मामले में थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल जारी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।