नाना राव घाट पर गंगा टास्क फोर्स ने चलाया स्वच्छता अभियान
- गंगा संरक्षण के लिए लोगों को किया जागरूक |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से गंगा टास्क फोर्स द्वारा कानपुर के ऐतिहासिक नाना राव घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में गंगा टास्क फोर्स और सिविल प्रशासन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई की तथा लोगों को गंगा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान जवानों ने घाट पर फैले कूड़े-कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को समझाया कि गंगा की स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। जवानों ने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और अन्य लोगों से संवाद कर उन्हें गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री प्रवाहित न करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का नेतृत्व गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी देश की सांस्कृतिक धरोहर, आस्था और जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक स्वच्छता अभियान से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक गंगा को पूरी तरह स्वच्छ बनाने का लक्ष्य हासिल करना कठिन होगा। जनभागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से अपील की कि वे स्वयं गंदगी न फैलाएं और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी गंगा स्वच्छता के लिए जागरूक करें।
|