हेल्थस्पार्क्स 2026 राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई की सहभागिता, कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह होंगे प्रमुख वक्ताओं में शामिल
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मुख्य आतिथ्य में लखनऊ में आयोजित होगा सम्मेलन, भविष्य उन्मुख निवारक जनस्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा के नवाचारों पर होगा मंथन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के लिए यह गौरव का विषय है कि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह हेल्थस्पार्क्स 2026 राष्ट्रीय सम्मेलन में विशिष्ट सहभागिता करेंगे। भविष्य उन्मुख निवारक जनस्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा विषय पर केंद्रित यह सम्मेलन 4 नवंबर 2026 को लखनऊ के गोमती नगर स्थित ताज पैलेस, विभूति खंड में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
हेल्थस्पार्क्स 2026 का उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में नवीन विचारों, अनुसंधान और सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाना है। सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें क्षय रोग, हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी रोग, रूमेटोलॉजी तथा स्त्री रोग एवं मुख कैंसर जैसे प्रमुख स्वास्थ्य क्षेत्र शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह की इस राष्ट्रीय मंच पर सहभागिता विश्वविद्यालय की चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा एवं रोगी देखभाल की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को बढ़ावा देने और जनसामान्य तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
इस प्रकार के राष्ट्रीय सम्मेलन चिकित्सा संस्थानों के बीच ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान, अनुसंधान आधारित स्वास्थ्य समाधानों को प्रोत्साहित करने तथा भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों के लिए प्रभावी रणनीतियां विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। विशेष रूप से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित विचार-विमर्श से रोगों की समय रहते पहचान, स्वास्थ्य जागरूकता और बेहतर उपचार परिणामों की दिशा में नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय के लिए यह सहभागिता न केवल गौरव का अवसर है, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। विश्वविद्यालय भविष्य में भी जनहित, चिकित्सा नवाचार और उत्कृष्ट रोगी सेवाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा।