छात्राओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के झलकारी बाई छात्रावास में नवरात्रि के पावन पर्व के तृतीय दिवस पर माँ दुर्गा के आशीर्वाद एवं भक्तिमय वातावरण के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। माँ चंद्रघंटा की आराधना को समर्पित इस शुभ अवसर पर छात्राओं ने माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर छात्रा तिथि कटियार ने प्रभावशाली एवं उत्साहपूर्ण ढंग से कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्रावास अधीक्षिका डॉ. अर्चना सिंह तथा सह-अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संघमित्रा महापात्रा का स्वागत किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय की द्वितीय वर्ष की छात्राओं मीनाक्षी, काजल, मंजरी, अंशु एवं आयुषी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समस्त उपस्थितजनों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्तिभाव, उल्लास एवं सांस्कृतिक रंगों का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थापन में कृषि महाविद्यालय की चतुर्थ वर्ष की छात्राओं अर्चना यादव एवं अंशिका गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्रावास की सभी छात्राओं ने उत्साह, सहयोग एवं सौहार्द के साथ सहभागिता करते हुए आपसी एकता एवं सांस्कृतिक समरसता का परिचय दिया। माँ दुर्गा की कृपा एवं आशीर्वाद से संपन्न इस आयोजन ने छात्रावास में भक्ति, सकारात्मकता और उत्सव का वातावरण निर्मित किया। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षिका डॉ. अर्चना सिंह एवं सह-अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संघमित्रा महापात्रा ने छात्राओं के उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
|