उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले का उद्घाटन आज, कृषि मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के मुख्य प्रांगण में हो रहे तीन दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन आज कृषि विश्वविद्यालय में होगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि,कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही होंगे। मेला 17 अक्टूबर तक चलेगा। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में 15 से 17 अक्टूबर तक मेले का आयोजन होना है। मेला आज बृहस्पतिवार से शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि मेले में कृषि, उद्यानिकी, दुग्ध प्रौद्योगिकी पर आधारित विभिन्न प्रकार की कृषि तकनीक किसानों को देखने को मिलेगी। इसके लिए यहां करीब दो सौ स्टॉल लगाए गए हैं। आज प्रात:11 बजे होने वाले उद्घाटन के लिए विश्वविद्यालय में तैयारियां पूर्ण है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि सायं 7 बजे कवि सम्मेलन कार्यक्रम भी आयोजित होगा। जिसमें आमंत्रित कवि जय राम जय फतेहपुर,सतीश कुमार सिंह रायबरेली, डॉक्टर अजय अटल कासगंज, अमित अनपढ़ लखनऊ, मुरली कबीर सुल्तानपुर, नीरू श्रीवास्तव कानपुर, सुमन लता सचान कानपुर,लाल सिंह प्रहरी कानपुर देहात एवं डॉ संजीव कुमार सिंह सीएसए कानपुर कवि सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे।
|