व्यापारियों ने घरेलू व कॉमर्शियल कनेक्शन जल्द उपलब्ध कराए जाने को लेकर सौंपा ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | घरेलू व खासकर कॉमर्शियल कनेक्शन सरल, सुलभ एवं किफायती तरीके से जल्द उपलब्ध कराए जाने को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में रेस्टोरेंट मिठाई व गेस्ट हाउस से संबंधित व्यापारी व पदाधिकारी लेकर डब्ल्यू ब्लॉक साकेत नगर स्थित सीयूजीएल कार्यालय में मुख्य महाप्रबंधक को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक को सौंपा गया। वरिष्ठ प्रबंधक ने घरेलू कनेक्शन 90 दिन तक मिलने व कॉमर्शियल कनेक्शन मिलने में दिक्कत बताते हुए ज्ञापन को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया । इस दौरान ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेष रूप से ईरान–इज़रायल युद्ध के कारण एलपीजी गैस आपूर्ति देशभर में प्रभावित हो रही है जिसका सीधा प्रभाव कानपुर महानगर में भी देखने को मिल रहा है। एलपीजी के घरेलू एवं विशेषकर कॉमर्शियल सिलिंडरों की अनियमित उपलब्धता के कारण रेस्टोरेंट्स, मिठाई की दुकानें, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ एवं अन्य छोटे-बड़े उद्योग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। इससे न केवल व्यापारिक गतिविधियाँ बाधित हो रही हैं बल्कि रोजगार और उपभोक्ता आपूर्ति श्रृंखला पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अतः यह आवश्यक हो जाता है कि कानपुर में घरेलू के साथ-साथ कॉमर्शियल पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुलभ एवं किफायती बनाया जाए। कानपुर महानगर में कॉमर्शियल पीएनजी कनेक्शन के लिए प्रत्येक विधानसभावार विभाग का सहायता केन्द्र खोलने के साथ एक सक्षम अधिकारी की नियुक्ति करने, हेल्पलाइन नंबर जारी करने, कमर्शियल कनेक्शन देने की समय सीमा तय करने, होटल रेस्टोरेंट गेस्ट हाउस के लिए जल्द कॉमर्शियल कनेक्शन देने और एलपीजी से पीएनजी की ओर परिवर्तित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है जिससे कानपुर के नागरिकों एवं खासकर व्यापारिक वर्ग को वर्तमान परिस्थितियों में राहत मिल सके। सीयूजीएल के वरिष्ठ प्रबंधक पंकज राज ने बताया कि घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए एक ऐप है , इस ऐप पर ग्राहक द्वारा आवेदन करने व स्वीकृत होने के उपरांत कनेक्शन 90 दिन तक दिए जा रहे हैं लेकिन कमर्शियल कनेक्शन का कोई ऐप नहीं है इसके लिए आपको विभाग के वेबसाइट पर जाना पड़ेगा, वहां से आवेदन होगा | ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के दक्षिण अध्यक्ष कमल त्रिपाठी , युवा प्रदेश संगठन महामंत्री विनायक पोद्दार,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक शुक्ला व जितेंद्र सिंह,युवा जिला संगठन महामंत्री अरविंद गुप्ता , ,जिला वरिष्ठ मंत्री शैलेंद्र सेंगर, युवा प्रदेश संगठन मंत्री सत्यम मिश्र, जिला युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता ,सुरेंद्र मिश्र, राजीव गुप्ता,अनुराग , अभिनव प्रताप सिंह आदि थे |
|