स्कूली बसों पर परिवहन विभाग ने चलाया विशेष अभियान
- 59 बसों की हुई चेकिंग, 40 से ज्यादा बसे मिली फिट
- बिना मानक के संचालित बसों पर होगी सीजिंग की कार्यवाही
- तीन चरणों में चलेगा विशेष अभियान
कानपुर। शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से 15 अप्रैल ,2026 तक स्कूल वाहनों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों एवं आरआई द्वारा शहर के विभिन्न नामचीन स्कूल बसों के जांच की गई। जांच में 59 स्कूल बसों में कई बस तो मानक के अनुरूप मिली ,लेकिन कुछ बसों में कमी पाई गई जिस पर प्रवर्तन अधिकारियों ने उन्हें कमी को दुरुस्त करा कर सूचना देने का निर्देश देते हुए उन्हें नोटिस जारी किया।
एआरटीओ प्रवर्तन मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पहले चरण में स्कूल बसों का निरीक्षण होगा, दूसरे चरण में निजी वाहनों पर अभियान चलाया जाएगा तथा तीसरे चरण में जांच किए गए वाहनों में जो भी मानक के अनुरूप होंगे उन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा साथ ही विपरीत मानक की वाहनों पर प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए चालान और सीज की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान में मुख्य रूप से एआरटीओ प्रथम विंध्याचल गुप्ता, वरिष्ठ एआरटीओ कहकशा खातून, आरआई आकांक्षा सिंह, मोटरयान निरीक्षक संतोष कुमार, पीटीओ अनिल कुमार समेत प्रवर्तन स्टाफ मौजूद रहा।
बिना मानक के सड़क पर नहीं दौड़ेगी स्कूल बस
एआरटीओ प्रवर्तन मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 99 बसों का लक्ष्य रखा गया है , जिसमें शनिवार को 59 बसों का निरीक्षण किया गया जिसमें 40 से ज्यादा बसे फिट मिली जबकि कुछ बसों में मानकों की कमी के चलते उन्हें नोटिस जारी की गई तथा 3 दिनों के भीतर कमी पूरी कराकर पुनः परिवहन विभाग को सूचित करना होगा ताकि उन्हें पोर्टल पर दर्ज किया जा सकेगा। बिना मानक पूरा किए कोई भी स्कूल बस सड़क पर संचालित नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर भरी जुर्माने के साथ ही सीज की कार्यवाही की जाएगी।