अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप की सप्लाई करने वाले ₹25,000 के इनामी अभियुक्त गिरफ्तार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।कमिश्नरेट कानपुर नगर में इस प्रकरण में 08 मुकदमे दर्ज हुए थे, जिनमें 11 अभियुक्त संलिप्त पाए गए। आज छठी व महत्वपूर्ण गिरफ्तारी के रूप में शिवम अग्रवाल को पकड़ा गया, जबकि उसके पिता की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रारंभिक एफआईआर में 26 लाख बोतलों का उल्लेख था, लेकिन विवेचना में यह संख्या बढ़कर लगभग 1.12 करोड़ बोतलों तक पहुंच गई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त की दो कंपनियां हैं और उसे बद्दी (हिमाचल प्रदेश) व पानीपत से सप्लाई मिलती थी, जिसमें से लगभग 76 लाख बोतल बद्दी से आईं। अब तक लगभग ₹8 करोड़ की संपत्ति सीज की जा चुकी है, जिसकी सुनवाई ट्रिब्यूनल में चल रही है। शिवम पिछले 5 माह से फरार था, उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और कई राज्यों में लोकेशन ट्रेस होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में फर्जी कंपनियों के माध्यम से सप्लाई और अधूरे रिकॉर्ड सामने आए हैं, जिनमें अब तक केवल 10–15 लाख बोतलों का ही सत्यापन हो सका है। अवैध सप्लाई का नेटवर्क बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक फैला पाया गया है। मामले में आगे पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।