राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जिला प्रोबेशन कार्यालय की महिला सशक्तिकरण हब द्वारा आज राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, हमीरपुर में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की पात्रता, योजना से मिलने वाले लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। बी.ए. प्रथम वर्ष में कुल 70 छात्राओं का नामांकन है, जिनमें से 05 छात्राएं योजना हेतु पात्र पाई गईं। पात्र छात्राओं को योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज तैयार कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
महिला सशक्तिकरण हब की ओर से शशि तिवारी एवं सिद्धार्थ दीक्षित ने छात्राओं को शासन द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र छात्राएं योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। उन्होंने छात्राओं को अपने आसपास की पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी सहायता के प्रति जागरूक करना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा। जिला प्रशासन द्वारा महिला एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।