एमएलसी चुनाव की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तहसील सदर स्थित शिक्षक निर्वाचन केंद्र और ब्लॉक सदर स्थित स्नातक निर्वाचन केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, कंट्रोल रूम और पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने और निर्वाचन संबंधी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।डीएम ने बताया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी की जानी है।उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने, आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराने और मत की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर वैभव गुप्ता, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।