पितृ अमावस्या पर घाटों पर उमड़ी भारी भीड़, श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी,किया दान-पुण्य
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पितृ अमावस्या पर शनिवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भोर से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। गंगा के सभी घाटों प्रमुख रूप से सरसैया घाट में श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पितरों की आत्मा की शांति के लिए पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। पंद्रह दिन से श्रद्धालुओं ने पितृरों के आशीर्वाद के लिए जल अर्पण करने के बाद शनिवार अमावस्या को शहर सहित आसपास के जिलों से श्रद्धालुओं का ऐसा तांता लगा कि प्रशासन ने सरसैया घाट जाने वाले रास्ते को बैरीकेडिंग कर वाहनों को घाट तक जाने नहीं दिया। वहीं, घाट के पार लेती में जाकर पितृ विसर्जन के लिए नाव वालों को किसी भी श्रद्धालुओं को ले जाने की रोक लगाने से नाविकों में रोष रहा। पितृ अमावस्या पर गंगा स्नान और पितरों के निमित्त दान करने का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिठूर पहुंचे। लोगों ने स्नान के बाद जरूरतमंदों को दान दिया और अपने पितरों का स्मरण कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। घाटों पर सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां होती रहीं।
|