29 नवंबर को 3,736 बूथों पर चलेगा विशेष मतदाता अभियान, नाम जुड़वाने और संशोधन का अवसर
-प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
-महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को जनपद के सभी 3,736 बूथों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अथवा इससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु अथवा फोटो संबंधी त्रुटियों के सुधार एवं निवास स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 तथा मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईसीआई नेट ऐप एवं भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं। सभी प्रकार के फॉर्म बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध हैं। निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।