वेदों की ऋचाओं से गूंजा आकाश,आहुतियाें से वातावरण हुआ शुद्ध
-दोनाें पालियों में हवन के लिए उमड़ रही भक्तों की भारी भीड़
-एक पाली में तीन हजार से अधिक महिला-पुरुष यज्ञ भगवान को समर्पित कर रहे आहुतियां
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ आलोक प्रजापति
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता। इत्र और इतिहास की नगरी का कोना-कोना वेदमंत्रो की ऋचाओं से गूंज उठा। हजारों भक्तों ने जब लोक कल्याण के लिए आहुतियां दीं तो वातावरण भी शुद्ध हो गया। यज्ञ में शामिल होने के लिए आसपास जिलों से भी हजारों की संख्या में साधक और यजमान आ रहे हैं। लोगों की विशेष मांग पर अब यज्ञ का कार्यक्रम एक दिन बढ़ा दिया गया है और अब पूर्णाहुति 27 मार्च को होगी।बोर्डिंग मैदान में चतुर्विध विश्व कल्याणात्मक मां राज राजेश्वरी पीतांबरा माई के महायज्ञ में यज्ञाचार्यगण के मंत्रोच्चारण से दानवीर राजा हर्षवर्धन की नगरी गूंज उठी है।दोनों पालियों में हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।यजमान पूरे विधि विधान से यज्ञ कर रहे हैं, हर ओर अलौकिक छटा बिखरी हुई है और पीले वस्त्र धारण किये हुए महिला-पुरुष भक्त नजर आ रहे हैं।वहीं, शहर के करीब चार किलोमीटर में ध्वनि विस्तारक यंत्रों से सुबह शाम संगीतमय भजन कीर्तन से भक्तगण आनंदित व भाव विभोर हो रहे हैं।यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए भक्तों का तांता लग रहा है, वहीं प्रशासनिक अधिकारी पल-पल की खबर ले रहे हैं तथा करीब 400 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लगाया गया है,जिससे यातायात व्यवस्था बनी रहे और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।