शादी का झांसा देकर पति से कराया तलाक, फिर किया शारीरिक शोषण, पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चकेरी में किराए के कमरे में रह रहे युवक ने हमीरपुर निवासी महिला से पहले दोस्ती की। उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देते हुए पहले पति से तलाक कराया। फिर शारीरिक शोषण करने लगा। शादी के लिए जोर देने पर धमकी दी। पीड़िता ने चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मूलरूप से हमीरपुर के मौदाहा निवासी महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में उसकी दोस्ती गांव के ही रहने वाले सुनील कुमार से हुई थी।
परिजनों ने मई 2017 में उसकी शादी बिठूर निवासी युवक के साथ कर दी। जून 2018 में उनके पति सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उस दौरान सुनील पति के हालचाल लेने के बहाने फोन करता था। इस बीच सुनील ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर पति से तलाक लेने की बात कही। झांसे में आई महिला ने 18 नवंबर 2024 को पति से तलाक ले लिया। 20 नवंबर 2024 को सुनील ने उसे चकेरी स्थित किराए के फ्लैट में बुलाया और शारीरिक शोषण किया। इसके बाद चार महीने तक शोषण करता रहा। फरवरी 2025 में जब उन्होंने शादी के लिए जोर दिया तो सुनील ने इन्कार कर दिया। साथ ही बताया कि परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।